सहसवान। भैंस चोरी कर ले जा रहे पशु चोरों को किशोरों ने टोका तो चोरों ने तमंचे से फायर कर दिया। पैरों में छर्रे लगने से एक किशोर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात मंगलवार रात करीब एक बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदनपुर में हुई। गांव निवासी देवेन्द्र सिंह का 13 वर्षीय पुत्र संजय अपने चचेरे भाई शिवओम 14 पुत्र ज्ञान सिंह के साथ मंगलवार रात करीब एक बजे गांव में हो रही रामलीला देख कर घर वापस लौट रहा था। यह लोग जब घर के पास पहुंचे उसी दौरान दो लोग ज्ञान सिंह की भैंस खोल कर ले जा रहे थे। संजय ने भैंस ले जा रहे लोगों को टोका तो एक चोर ने तमंचे से संजय के ऊपर फायर कर दिया। दोनों पैरों में छर्रे लगने से संजय घायल हो कर गिर गया। संजय, शिवम के शोर मचाने और फायर की आवाज से गांव में जाग हुई तो चोर भैंस छोड़ कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी लाई जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने संजय के पिता देवेन्द्र की ओर से दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।