बदायूं। जनपद में सोमवार को विशेष टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 418 शिविरों पर लगभग 24265 हजार लोगों ने बढ़-चढ़कर टीकाकरण कराया। लोगों को कहना है कि टीके को लेकर मन में जो भी भ्रम थे वह अब दूर हो गए हैं, अब समझ आ गया है कि कोरोना जैसी महामारी से खुद व अपने परिवार को बचाने का एक मात्र उपाय टीकाकरण ही है। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी दातागंज राम शिरोमणि के साथ ब्लाॅक म्याऊ के ग्राम चितरी में आयोजित कोविड-19 टीकाकरण शिविर में पहुंचकर टीकाकरण कर जायजा लिया, डीएम के पहुंचने तक 39 लोग अपना टीकाकरण करा चुके थे। डीएम ने आशाओं एवं ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि वोटर लिस्ट के आधार पर वैक्सीनेशन कार्य पूर्ण कराया जाए। घर-घर जाकर छूटे को बुलाए और उनका टीकाकरण कराएं, कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए। सभी लोगों को समय से दोनों डोज लगवाई जाएं। शिविर से एक दिन पूर्व एनाउंस कराकर लोगों को टीकाकरण के बारे में जागरुक एवं सूचित कर दिया जाए। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षा अधिकारी डाॅ0 असलम, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, खण्ड विकास अधिकारी बीपी सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।