बिल्सी। आज रविवार को स्थानीय बिजली विभाग द्वारा मुख्य लाइन में आएं दिन होने वाले फाल्टों को ध्यान में रखते हुए लाइन को दुरुस्त कराने के लिए काम कराया गया। जिसके कारण नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब आठ घण्टे तक पूरी तरह ठप रही। जिसके कारण लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। जेई दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि उझानी से नगर क्षेत्र को आ रही मुख्य लाइन का निरीक्षण किया था। जिसमें गांव सिरासौल के निकट तीन पोल जंग आने के बाद गल चुके थे। जिससे धराशायी होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। जिसको ध्यान में रखते हुए आज रविवार की सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक इन जर्जर पोलों को दुरुस्त कराया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद रही। उन्होने बताया कि आए दिन तेज हवा के साथ बरसात के कारण उझानी-बिल्सी के मध्य मुख्य लाइन ब्रेक डाउन में चली जाती थी। जिसके कारण नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कई-कई घंटे तक ठप रहती थी। आज ठप रही आपूर्ति से नगर के लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। मुख्य लाइन के पोलों को दुरुस्त कराकर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।