बिल्सी। आज बुधवार को नगर के मंदिरों में मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप महागौरी की आराधना की गई। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ पहुंची। नगर के हनुमानगढ़ी देवी एवं मोहल्ला संख्या दो स्थित मां शीतला देवी मंदिर पर सबसे अधिक भक्त पहुंचे। मंदिर में सुबह-शाम महाआरती में लोगों ने भाग लेकर मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। नवरात्र के आठवें दिन महागौरी की पूजा अर्चना की जाती है। कहते हैं कि पूर्ण मन और श्रद्धा से महागौरी की पूर्जा अर्चना करने से भक्तों की मनोकामना पूर्ण हो जाती है। महागौरी की कृपा पाने के लिए भक्तों ने मंदिरों में पूजा अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में माता के जयकारों की गूंज रही। गुरुवार को कल रामनवमी मनाई जाएगी। नवरात्र का व्रत खोलकर पूर्ण आहुति दी जाएगी। लोगों ने मां के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। इसके अलावा नगर के कुटी, नील कंठेश्वर महाराज, नव दुर्गा मंदिर, भवन मंदिर में भी पूजा अर्चना की गई। रामनवमी पर नगर में जगह-जगह भंडारे भी आयोजित किए जाएंगे।