सहसवान। घर से कोचिंग गया छात्र लापता हो गया। तलाश के बाद भी पता न चलने पर स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। बुधवार शाम तक छात्र का पता नहीं लग सका था। नगर के मुहल्ला शहबाजपुर निवासी सचिन शर्मा भाजपा के मंडल महामंत्री हैं। उनका पुत्र माही उझानी के एक इंटर कालेज में कक्षा 10 का छात्र है। वह मुहल्ले में ही एक प्राइवेट टीचर से कोचिंग पढता है। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह कोचिंग गया था। कोचिंग का समय खत्म होने के बाद माही घर नहीं लौटा तो स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पता चला कि माही कोचिंग गया ही नहीं था। साथ गए छात्र ने बताया कि माही कोचिंग से कुछ दूर पहले लघुशंका करने की बात कहते हुए रुक गया था और फिर वह कोचिंग पहुंचा ही नहीं था। देर शाम तक छात्र का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया जल्द ही छात्र की बरामदगी का आश्वासन दिया इसी के साथ ही पुलिस ने मुहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली । कोतवाल संजीव शुक्ला का कहना था कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्र की तलाश की जा रही है ।