बदायूं।मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता वाले 37 कार्यक्रमों एवं योजनाओं की मासिक बैठक आयोजित कर निर्देश दिए हैं कि बिजली विभाग एक माह की 25 तारीख तक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बिजली का बिल खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित कर,ें जिससे ग्राम पंचायत निधि से विद्युत बिल का भुगतान कराया जा सके। बैठक में कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह अनुपस्थित होने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग अपनी प्रगति में सुधार लाएं एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करें। डी श्रेणी के अधिकारी विशेष तौर पर कार्य में सुधार लाएं, जिससे जनपद की कार्य प्रगति में सुधार आ सके। नियमित रूप से निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता को परखा जाए। सभी कार्य निर्धारित मानक व समय अनुसार कराए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने पाए, अन्यथा कार्यवाही को तैयार रहें।