बिल्सी। नवरात्र के चौथे दिन नगर के मंदिरों में भक्तों ने मां चंद्रघंटा और कुष्मांडा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। आज शनिवार को सुबह से ही नगर के मोहल्ला संख्या एक हनुमानगढ़ी स्थित देवी मंदिर, मोहल्ला संख्या पांच के दुर्गा मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, कुटी मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, देववाणी मंदिर समेत प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। हनुमानगढ़ी मंदिर पर मां के दर्शन के लिये भक्तों की काफी भीड़ लगी रही। इधर नगर के बिजलीघर रोड स्थित दुर्गा मंदिर के सामने नालियों का दूषित पानी सड़क पर बहने के कारण यहां आने-जाने वाले भक्तों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर वार्ड के सभासद ने नगर पालिका परिषद को कई बार अवगत कराया है। किसी ने इसको गंभीरता से नहीं लिया है। जिससे उनमें रोष है।