बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार में राजस्व विभाग के राज्यमंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार ने तहसील बिल्सी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील क्षेत्र के ग्राम हरगनपुर में अपात्र भूमिहीन लोगों व अपात्र किसानों को मिली किसान सम्मान निधि प्रकरण की शिकायत तथा तहसील चकबंदी विभाग में राज्यमंत्री से मौके पर मौजूद लोगों ने शिकायत की, जिसके बाद राजस्व राज्य मंत्री द्वारा तहसील स्थित चकबंदी आफिस का निरीक्षण किया गया और आॅफिस में परिस्थितियों को सुधारने और बेवजह किसानों को परेशान न करने की सख्त हिदायत दी है। राज्यमंत्री ने कहा कि उपजिलाधिकारी व तहसीलदार न्यायालयों में घर के बंटवारे को लेकर भाई-भाई की लड़ाई, नाली खड़ंजा को लेकर पड़ोसी की लड़ाई या किसानों के खेत में मेड़ और चकरोड की लड़ाई के वाद लंबित हैं, जिन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया गया है। अधिकारी सभी शिकायतों का गहनतापूर्वक निस्तारण करें इसके लिए उन्हें निर्देशित किया गया है।