व्यापारी नेता एवं मंदिर ट्रस्टी को गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर पीटा
बदायूं।जनपद के बिल्सी नगर के इस्लामनगर रोड पर स्थित बाबा गोरखनाथ धाम जाहरवीर बाबा का मंदिर है। इस मंदिर के नाम करोड़ो की जमीन है। मंदिर की करोड़ों की जमीन पर काफी लंबे समय से नगर के कुछ भूमाफियाओं की नजर है।

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी एवं व्यापारी अवधेश लड्डा अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर पर निर्माण कराने के लिए पहुंचा। इस बात की खबर पास के ही मोहल्ला संख्या दो के बाबा के भक्तों को ही तो बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने मौके पर मिले व्यापारी को घेर लिया और जमकर पीटना शुरू कर दिया। व्यापारी ने भीड़ को समझाने की लाख कोशिश की लेकिन भीड़ में शामिल लोग उसकी एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई करते रहे। व्यापारी ने भागने की कोशिश भी की लेकिन वह भीड़ से बच नहीं पाया। इतने में गुस्साई भीड़ ने उसके गले में जूते-चप्पलों की माला भी डाल दी। जिससे बदायूँ-बिजनोर हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दोनों ओर से वाहन रुक गए। किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह भीड़ से व्यापारी नेता को मुक्त कराया। पुलिस व्यापारी को लेकर कोतवाली आ गई। पीछे-पीछे भीड़ भी यहां पहुंच गई। भीड़ में शामिल लोग व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि मंदिर की जमीन पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर कार्रवाई हो। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर भीड़ को शांत किया। पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई का भी आश्वासन दिया। इधर कोतवाल धीरज सिंह सोंलकी ने बताया कि आरोपी व्यापारी अवधेश लड्डा के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार जेल भेजा है।
व्यापारी नेता अवधेश लड्डा का कहना है कि वह मंदिर का जीर्णोधार करा रहे थे। इतने में कुछ लोग शराब के नशे में आए उनके साथ मारपीट करने लगे। वह मंदिर के ट्रस्ट के पदाधिकारी भी है।













































































