बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 511 ग्राम अवैध अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी झारखंड से सस्ते दामों पर अफीम लाकर ट्रक चालकों और अन्य लोगों को बेचते थे।पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर की रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान बमियाना मोड़ से करीब 100 मीटर आगे बमियाना रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र पुत्र सिपट्टर निवासी ग्राम सिसौना, थाना विशारतगंज, बरेली और कुलदीप पुत्र राकेश यादव निवासी कल्याणपुरी पट्टी, थाना अलीगंज, बरेली के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे झारखंड से कम कीमत पर अफीम खरीदकर यहां लाते थे और ट्रक चालकों व अन्य लोगों को बेचकर मुनाफा कमाते थे। बरामदगी के संबंध में थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, कांस्टेबल मुस्तफा, रिजर्व कांस्टेबल दीपक कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।