बदायूँ :- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को अभिव्यक्त किया। बच्चों ने स्वच्छ, आत्मनिर्भर, आधुनिक, शिक्षित और सशक्त भारत के अपने सपनों को रंगों एवं शब्दों के माध्यम से सामने रखा।इसी क्रम में प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना रहा। विद्यालयों में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चित्र बनाए और भाषण प्रस्तुत किए।जिला उपाध्यक्ष सीमा राठौर ने बदायूं नगर के राजाराम एवं केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी रही है। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम उसी भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं। आज के विद्यार्थी कल के भारत की दिशा तय करेंगे, इसलिए उन्हें विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना आवश्यक है। जिला मंत्री रचना शंखधार ने सिंग्लर गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा और जनकल्याण के विभिन्न प्रयासों के साक्षी रहे हैं। आगे कहा चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता बच्चों को देश की विकास यात्रा को समझने और अपने सपनों के भारत की कल्पना को सामने रखने का अवसर दे रही है। बच्चों के विचारों में भारत के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है।