बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को 1 किलो 34 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने करेली अंडरपास के आगे बुखारा रोड पर घेराबंदी कर कमलजीत उर्फ अमरजीत (19) पुत्र दिनेश पाल, निवासी ग्राम जगतपुर, थाना कैंट, बरेली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 34 ग्राम अवैध अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद अफीम अपने मामा धर्मवीर पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम कांधरपुर, थाना कैंट, बरेली से लेकर आया था। आरोपी के अनुसार वह अपने मामा के साथ मिलकर अफीम खरीदने-बेचने का काम करता है और बरामद अफीम को राह चलते लोगों को बेचने जा रहा था। बरामदगी के संबंध में थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रोबिन सिंह, हेड कांस्टेबल उमेन्द्र सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मनीष भारद्वाज शामिल रहे।