तहसील बहेड़ी परिसर में अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का भव्य शुभारंभ, स्वयं सहायता समूह की दीदियां संभालेंगी जिम्मेदारी
बरेली ।जिलाधिकारी अविनाश सिंह व मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने आत्मनिर्भर नारी और सशक्त गांव की परिकल्पना को साकार करते हुए आज तहसील बहेड़ी परिसर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अन्नपूर्णा मॉडल प्रेरणा कैंटीन
का संचालन आज़ाद प्रेरणा महिला संकुल संघ के अंतर्गत 6 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना एवं सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुरू की गई यह प्रेरणा कैंटीन न केवल स्वच्छ, पौष्टिक और किफायती भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।अन्नपूर्णा मॉडल के तहत कैंटीन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की प्रशिक्षित दीदियों को सौंपी गई है। तहसील में प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने कार्यों से आते हैं, जिन्हें अब परिसर में ही उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन, चाय और नाश्ता उपलब्ध हो सकेगा। इससे होने वाली आय सीधे समूह की महिलाओं के खाते में जाएगी।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि – “हमारी स्वयं सहायता समूह की दीदियां अब सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं हैं, वो उद्यमी बनकर देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं। यह कैंटीन स्वाद के साथ स्वावलंबन का भी प्रतीक है। मेरा सभी कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आमजन से आग्रह है कि इस कैंटीन को अपना सहयोग दें।” कैंटीन पर स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है। इस मौके पर तहसील के अधिकारी, कर्मचारी, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, स्वयं सहायता समूह की दर्जनों दीदियां और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















































































