बरेली। बारादरी पुलिस ने फर्जी आयुर्वेदिक दवाएं बेचने वाले एक कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर भ्रामक विज्ञापन और फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को शुगर की दवा बेचने के नाम पर ठगी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 14 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, 75 फर्जी दवाइयों के पैकेट, फर्जी बिल और वेबसाइट का डेटा बरामद किया है। एसएसपी और एसपी सिटी के निर्देशन में थाना बारादरी पुलिस ने यादगार रेस्टोरेंट के पास मोहल्ला सैलानी स्थित एक मकान पर छापा मारा। यहां बिना वैध लाइसेंस के कथित कॉल सेंटर संचालित कर ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए Diabo Diabetic Powder और Brahm Sugar Care नाम से आयुर्वेदिक दवाएं बेची जा रही थीं। पुलिस ने साजिद मलिक, इस्लाम और मोहम्मद जफर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी रऊफ और रिजवान फरार हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर “तीन दिन में शुगर 100 फीसदी ठीक” होने जैसे फर्जी विज्ञापन चलाए जाते थे। Shopify पर बनाई गई वेबसाइट के माध्यम से ऑर्डर लेकर कैश ऑन डिलीवरी से दवाइयां भेजी जाती थीं और ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी बिल भी साथ भेजे जाते थे। बारादरी पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।