हिंदी दिवस पर जीलाॅट पब्लिक स्कूल में गूंजा हिंदी का गौरव, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बदायूं। हिंदी दिवस के अवसर पर जीलाॅट पब्लिक स्कूल के परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, साहित्य और भारतीय संस्कृति से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर भाषण, कविता-पाठ एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय में निबंध लेखन, वाद-विवाद, हिंदी सुलेख एवं क्विज प्रतियोगिताओं का हाउस वाइज आयोजन किया गया, जिसमें लव हाउस विजेता रहा।जूनियर वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में यूनिटी हाउस की काव्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में लव हाउस की रूचि राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति लता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, साहित्य और भावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने के साथ ही अन्य भारतीय भाषाओं का सम्मान करने का आह्वान किया।
विद्यालय की निदेशिका सोनाली सचदेवा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति गर्व और सम्मान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक रूप किशोर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
















































































