उझानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी में सोमवार को मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।आशा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि वे बिना किसी अवकाश के गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं की जांच, टीकाकरण, सर्वे, प्रसव संबंधी कार्य, आयुष्मान आशा आईडी बनाने सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न सरकारी कार्य पूरी जिम्मेदारी से करती हैं। इसके बावजूद उन्हें मानदेय के नाम पर महज 2,000 रुपये प्रतिमाह तथा प्रोत्साहन राशि के रूप में करीब 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, जो वर्तमान महंगाई के दौर में बेहद कम हैं।आशाओं ने मांग की कि उन पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। इसके साथ ही मानदेय का भुगतान समय से करने, काम के घंटे और अवकाश निर्धारित करने तथा प्रोत्साहन राशि में वृद्धि किए जाने की मांग भी की गई। ज्ञापन देने के दौरान ममता, आरती कश्यप, तपस्वू, शरीना, आरती, सती, रानी, नीतू शर्मा, शोभा मिश्रा, मीना, मधु, राजेश कुमारी, ज्योति, रानी सक्सेना, रेशमा, फातिमा बेगम, शशि पाली, पूनम मौर्य सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।