बदायूं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बीआरबी मॉडल स्कूल, बदायूं के पांच शिक्षकों को प्रतिष्ठित ‘टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह HopUnity Helping Welfare Foundation की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वाले शिक्षकों में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर श्री नितिन सक्सेना, कोऑर्डिनेटर श्री उत्कर्ष सक्सेना, पीजीटी गणित श्री उज्ज्वल मिश्रा, पीजीटी जीव विज्ञान श्रीमती श्रद्धा सारस्वत तथा टीजीटी विज्ञान श्री राजीव सिंह शामिल रहे। सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, निरंतर परिश्रम, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रयासों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।इस अवसर पर सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यार्थियों को सही दिशा देना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान करना है। उन्होंने मिले सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत, लगन और सकारात्मक प्रयास विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान न केवल उनके उत्साह को बढ़ाता है, बल्कि अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। एक साथ पांच शिक्षकों को ‘टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026’ मिलने से बीआरबी मॉडल स्कूल, बदायूं में हर्ष और गर्व का माहौल है।