नगर में विकास के नाम पर चल रहा सड़क चौड़ीकरण लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। पीडब्ल्यूडी द्वारा बदायूं-मथुरा हाईवे पर सब्जी मंडी से घंटाघर चौराहे तक सड़क को जगह-जगह खोदकर महीनों से ऐसे ही छोड़ दिया गया है। सोमवार सुबह इसी लापरवाही का खामियाजा नगर पालिका के कर्मचारियों को भुगतना पड़ा।सुबह करीब 8 बजे नगर पालिका परिषद का कूड़ा वाहन कचरा उठाकर जा रहा था, तभी घंटाघर चौराहे पर सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। गाड़ी पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कूड़ा वाहन सवार दो पालिका कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और दोनों को मामूली चोटें आईं।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पूरे हाईवे को मौत के गड्ढों में तब्दील कर दिया है। ना कोई बैरिकेडिंग, ना कोई चेतावनी बोर्ड। दिन में धूल और रात में अंधेरे के कारण ये गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।स्थानीय लोगों में पीडब्ल्यूडी के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।