बरेली। कोतवाली पुलिस ने शांति व्यवस्था के लिए चलाए जा रहे गश्त अभियान के दौरान इंदिरा मार्केट स्थित पानी की टंकी के पास एक युवक को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनूप सिंह, कांस्टेबल अश्वनी कुमार, मनीष कुमार और अंकुर पंवार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध तमंचा लेकर इंदिरा मार्केट की ओर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी नीरज कुमार (21 वर्ष) पुत्र हेमंत कुमार, निवासी बाबा सर्वेश्वर दास मंदिर के पास, आजमनगर, थाना कोतवाली, के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों को डराने-धमकाने और अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा रखता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।