भगवान पार्श्वनाथ नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
बरेली । जैन समाज द्वारा अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन एवं सर्वसमाज की सेवा के संकल्प के अंतर्गत महावीर निर्वाण समिति एवं केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड, बरेली के तत्वावधान में संचालित भगवान पार्श्वनाथ नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा के क्रम में आज जैन मंदिर, रामपुर गार्डन, बरेली स्थित धर्मशाला महावीर वाटिका में वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। मेदांता चिकित्सालय, गुरुग्राम की जांच टीम द्वारा मरीजों की नि:शुल्क ECG, PFT, BMD, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन एवं ब्लड प्रेशर आदि की जांच की गई। इसके साथ ही विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।शिविर में मेदांता चिकित्सालय, गुरुग्राम के हृदय रोग, फिजिशियन एवं किडनी रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ शहर के प्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील कुमार अग्रवाल, फिजिशियन डॉ. सचिन अग्रवाल, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया अग्रवाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊषा जैन, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशि संघी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन जैन, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार जैन एवं डॉ. पी. के. जैन, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. निरंजन जैन, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजीव शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. कनिका जैन तथा फिजियोथेरेपी, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक विशेषज्ञ डॉ. ऐश्वर्य अग्रवाल शामिल रहे।
शिविर के दौरान डॉ. अनिल कुमार जैन ने कैंसर के प्रति जागरूकता के साथ-साथ उपवास एवं शाकाहार के स्वास्थ्यवर्धक प्रभावों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कनुप्रिया अग्रवाल ने आई बैंक में नेत्रदान की महत्ता एवं उसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मरीजों एवं उनके परिजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया।
जांच एवं उपचार सेवाओं के अंतर्गत डॉ. आर. के. सिंह द्वारा एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड, डॉ. नीरू साहनी द्वारा पैथोलॉजी जांच तथा डॉ. मनीष गोयल द्वारा MRI एवं CT स्कैन की सुविधा आधे रेट पर उपलब्ध कराई गई। डॉ. पी. के. जैन द्वारा ऑपरेशन में 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई।मैसर्स कन्हैया लाल रतन लाल एवं देवेंद्र जैन द्वारा दवाइयां विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। फार्मासिस्ट कैलाश चौधरी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया।
शिविर में लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा नशामुक्ति के संकल्प हेतु शपथ-पत्र भी भरवाए गए।
यह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर प्रत्येक माह के दूसरे एवं चौथे रविवार को आयोजित किया जाता है। शिविर के पश्चात भी मरीजों की चिकित्सा सुविधा निरंतर जारी रहती है। सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को शाम 6 बजे से 7 बजे तक जैन मंदिर परिसर, रामपुर गार्डन, बरेली में चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार जैन द्वारा शिविर में आए मरीजों के साथ-साथ नए मरीजों को भी चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया जाता है।
इस उपयोगी एवं अनूठी स्वास्थ्य सेवा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर 7417713047 एवं 9911754632 पर संपर्क किया जा सकता है।
महावीर निर्वाण समिति एवं उत्तर प्रदेश के प्रमुख निर्यातक केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड, बरेली ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं एवं स्वयंसेवकों के अथक प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। साथ ही सर्वसमाज को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समिति ने आम जनता से अपील की कि वे भविष्य में भी इस नि:शुल्क एवं सर्वसमाज हितैषी चिकित्सा सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इस स्वास्थ्य सेवा के बारे में जानकारी दें।
















































































