बरेली। थाना आंवला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक आरोपी को 730 ग्राम अवैध अफीम, एक बाइक और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर आंवला-रामनगर रोड पर ग्राम नूरपुर जाने वाले मार्ग स्थित एक खाली कुटिया के पास घेराबंदी की गई। वहां से बदायूं जिले के कुंवरगांव निवासी 32 वर्षीय मुनेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी भूपेन्द्र मौके से भाग निकला। पूछताछ में मुनेन्द्र ने बताया कि अफीम उसे बदायूं के बृजेश और जुवेर ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आंवला पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।