बरेली। भोजीपुरा थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक चोरी की बाइक लेकर भैरपुरा की ओर से आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भैरपुरा के पास रात करीब 11:45 बजे देव ठाकुर उर्फ सुल्तान निवासी कैंट, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बाइक बरेली कैंट क्षेत्र से चोरी करने की बात कबूल की। उसके दो साथी रितिक यादव और छोटा उर्फ उदय यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।