बरेली। भारी वर्षा और जलभराव से आम नागरिकों एवं व्यापारियों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। मंडल अध्यक्ष गौरव सक्सेना एडवोकेट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में वार्डवार सर्वे कराकर घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हुई क्षति का स्थल निरीक्षण एवं दस्तावेजीकरण कराने की मांग की गई।गौरव सक्सेना एडवोकेट ने बताया कि जलभराव से दुकानों में रखा माल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मशीनरी और कच्चा माल प्रभावित हुआ है। ज्ञापन में पात्र प्रभावितों को आपदा राहत मानकों के अनुसार सहायता देने, प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी, सफाई, कीटाणुनाशक छिड़काव एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही बार-बार जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने और संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।