बरेली में छात्र न्याय मार्च निकाला, कलेक्ट्रेट पर छात्रों ने दिया धरना
बरेली। प्रदेश सरकार की छात्र, युवा और शिक्षा नीतियों के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने बुधवार को बरेली में ‘छात्र न्याय आंदोलन’ के तहत विशाल छात्र न्याय मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और प्रतियोगी परीक्षार्थी हाथों पर काली पट्टी बांधकर मार्च में शामिल हुए।
मार्च की शुरुआत बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से हुई। छात्र परिसर से होते हुए पश्चिमी गेट की ओर बढ़े तो पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान छात्र नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने छात्र हितों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। बाद में छात्रों को आगे जाने दिया गया।
इसके बाद मार्च कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार पर प्रदर्शन धरना दिया। छात्रों ने ‘छात्र एकता जिंदाबाद’, ‘पेपर लीक बंद करो’ और ‘छात्रसंघ चुनाव बहाल करो’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित 16 सूत्रीय मांग-पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालयों की बंदी का निर्णय वापस लेने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, बरेली कॉलेज का नगर निगम कर माफ करने, अग्निवीर योजना समाप्त करने और भर्ती परीक्षाओं में ओवरएज युवाओं को तीन वर्ष की आयु सीमा में छूट देने की मांग की। छात्रवृत्ति भुगतान, रियायती बस पास, डिजिटल लाइब्रेरी और छात्र सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। प्रदेश उपाध्यक्ष सय्यद फरहान अली और महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने आंदोलन को प्रदेश स्तर पर व्यापक बनाने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष सय्यद फरहान अली, महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल, जिला पंचायत सदस्य गजेंद्र यादव, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष भुवनेश प्रधान, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष एजाज अहमद, हरेन्द्र कन्नौजिया, सय्यद इम्तियाज अली, जेपी यादव, अमरीश यादव, अमन यादव, किशन यादव, समीर वर्मा, नरवीर दिवाकर, रामवीर दिवाकर, अर्पित उपाध्याय, उत्कर्ष मिश्रा, पिंकू गुर्जर, प्रदीप भाटी, रिजवान खान, रेहान रजा, आमिर खान, गौरव मिश्रा, सोहिल खान, सोमेंद्र यादव, तमाम पदाधिकारी, छात्र नेता तथा बड़ी संख्या में बरेली कॉलेज, रुहेलखंड विश्वविद्यालय व विभिन्न प्रतियोगी संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















































































