बरेली में 3 दिन से चल रहे रेस्क्यू टीम ने तीसरे दिन तीसरे व्यक्ति को नहर से निकला
बरेली । आंवला क्षेत्र में अरिल नदी का तेज बहाव में तीन दोस्तों के लिए काल बन गया। डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल पार करते समय बाइक समेत नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार को दो युवकों के शव मिलने के बाद आज तीसरे युवक नितिन मौर्य का शव भी रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया। तीन दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद अब अभियान समाप्त कर दिया गया है। तीनों मृतक विशारतगंज के रहने वाले थे।
एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि मामला आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास अरिल नदी का है। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन दोस्त बाइक से रपटा पुल पार कर रहे थे। बारिश के चलते नदी का पानी पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में बह रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हुई और नितिन मौर्य, प्रेम मौर्य और बिशन स्वरूप बाइक समेत नदी की तेज धार में बह गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने युवकों को रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन तेज बहाव के चलते तीनों कुछ ही पलों में नदी में समा गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया।
एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। मंगलवार को करीब 18 से 20 घंटे की मशक्कत के बाद प्रेम मौर्य और बिशन स्वरूप के शव बरामद कर लिए गए। वहीं नितिन मौर्य की तलाश जारी रही।
आज रेस्क्यू टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद नितिन मौर्य का शव भी बरामद कर लिया। इसके साथ ही तीनों दोस्तों की तलाश पूरी हो गई और तीन दिन से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।
हादसे के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बचाव अभियान की जानकारी ली। नदी से बाइक भी बरामद की गई थी, जो नितिन के पिता की बताई गई।
तीनों युवकों की मौत से बिशारतगंज के पुराना बाजार और आसपास के इलाके में मातम पसरा है। हादसे ने एक बार फिर बारिश के दौरान जलमग्न रपटों और तेज बहाव वाली नदियों को पार करने के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान रपटों और नदी को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
















































































