बरेली। किसानों व आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सोमवार को प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रवक्ता मोहम्मद इकबाल एडवोकेट के नेतृत्व में किसानों ने अधिकारियों को दिए गए ज्ञापनों और प्रार्थना पत्रों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। भाकियू ने कहा कि उच्च अधिकारियों द्वारा शिकायतें संबंधित विभागों को भेजे जाने के बाद निचले स्तर पर उन्हें दबा दिया जाता है। आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी नहीं दी जाती, जिससे समस्याएं वर्षों तक लंबित रहती हैं। संगठन ने अधिकारियों के निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में हाल में हुई भारी बारिश से महानगर में हुए जलभराव, नालों की तली तक सफाई न होने, जगह-जगह कूड़े के ढेर, अतिक्रमण और सड़क किनारे वाहनों व ठेलों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर नियंत्रण, पशु मालिकों पर कार्रवाई तथा वनरोज और जंगली सुअरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन देने बालो में महेंद्र पाल , असगर अली , निसार , राजा , अताउल्ला, आमिर रजा ,राकेश कुमार आदि मौजूद थे।