बरेली। आध्यात्मिक एवं साहित्यिक संस्था काव्यधारा रामपुर की बरेली इकाई के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय सीबीगंज स्थित इंजीनियर्स भवन, कैम्फर कॉलोनी में कवि सम्मेलन, सम्मान समारोह एवं नीलम रानी सक्सैना -संपादित साझा काव्य-संकलन ‘वतन के तराने’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार जितेंद्र कमल आनंद ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ रहे तो वहीं विशिष्ट अतिथिगण सुरेश कुमार कपूर, हंस एवं अनमोल रागिनी चुनमुन रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न शहरों से आए कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति, सामाजिक सरोकारों, प्रेम, संवेदना और जीवन के विविध रंगों से सजी रचनाओं पर खूब तालियाँ बटोरीं। इस अवसर पर नीलम रानी सक्सैना- संपादित साझा काव्य-संकलन ‘वतन के तराने’ का विमोचन किया गया। साथ ही हिंदी साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 31 रचनाकारों को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप शॉल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कमल आनंद, कार्यक्रम संयोजिका अलका गुप्ता, राजवीर सिंह राज एवं जिला सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने प्रदान किए। कवि सम्मेलन में गीतकार उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट, अलका गुप्ता, दीपक मुखर्जी ‘दीप’, सत्यपाल सिंह ‘सजग’, राम रतन यादव, राजवीर सिंह ‘राज’, नीलम रानी सक्सेना, पूनम शुक्ला, डॉ. शालिनी शर्मा ‘मुक्ता’, मनोज सक्सेना ‘मनोज’, डॉ. मिथिलेश राकेश ‘मिथिला’, रामधनी निर्मल ,सत्यवती सिंह, डॉ. निधि श्रीवास्तव, रजनी सिंह प्रज्ञा, देवेंद्र सिंह चौहान एवं कौशलेंद्र शुक्ला आदि सहित अनेक रचनाकारों ने काव्य पाठ किया।कार्यक्रम का संचालन राज शुक्ल ‘गजलराज’ ने किया। अंत में सभी आमंत्रित कवियों, साहित्यकारों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कमल आनंद ने व्यक्त किया।