दातागंज। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं सभापति प्रतिनिधि विधायन समिति राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया रहे। विधायक ने कुल 15 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और 158 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए विधायक बब्बू भैया ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, समुचित पोषण तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पोषण अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। विधायक ने नवनियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ कुपोषण के खिलाफ प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके। कार्यक्रम का मंच संचालन अध्यापक माधव सिंह ने किया। इस दौरान तहसीलदार दातागंज, कार्यक्रम संयोजक एवं म्याऊं सीडीपीओ हरेन्द्र सिंह, उसावां, समरेर एवं दातागंज के सीडीपीओ, पत्रकार तथा नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।