बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम ने नाव से रामगंगा क्षेत्र का किया निरीक्षणसंवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, अधिकारियों को सतर्कता और राहत तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश
बरेली। रामगंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाव के माध्यम से नदी एवं तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, कटान संभावित स्थानों और आसपास के गांवों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नदी के जलस्तर की हर घंटे निगरानी करने और आंकड़े तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कटान की आशंका वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्यवाही और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी दल तैनात करने को कहा। एसडीएम सदर व तहसीलदार को संभावित प्रभावित गांवों की अद्यतन सूची तैयार रखने तथा लेखपालों और ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की सक्रिय ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सतर्क करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आपदा प्रबंधन विभाग को बाढ़ चौकियां सक्रिय रखने के साथ नाव, लाइफ जैकेट, राहत सामग्री, पेयजल, खाद्यान्न और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से नदी में न जाने और बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकने की अपील की।