बदायूं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा रानी एवं भगवान भोलेनाथ के स्वरूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और मंदिर परिसर तालियों एवं जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मटकी फोड़ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों के इस आयोजन को श्रद्धालुओं ने तालियों एवं जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक प्रोत्साहित किया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी। इसी अवसर पर श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल का आठवां वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन की धुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों का उत्साहवर्धन उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक होता है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चड्डा सहित अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालुओं का सहयोग रहा। समापन पर शयन आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।