बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती रैली 14 से 30 सितंबर तक जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली परिसर में आयोजित की जाएगी। भर्ती को लेकर जिला प्रशासन और सेना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जाट रेजीमेंट केंद्र में आयोजित समन्वय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों ने भर्ती स्थल का निरीक्षण भी किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अय्यर, सूबेदार अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल समेत सेना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।भर्ती रैली में बरेली सहित उत्तर प्रदेश के 12 जिलों में बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात विभाग को जाम से बचाव और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अय्यर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचने, अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ लाने, सभी आवश्यक दस्तावेज रखने तथा किसी भी अफवाह या दलाल के झांसे में न आने की अपील की है।