बदायूँ। उर्वशी पैराडाइज कॉन्वेंट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ‘कृष्ण उत्सव 2026’ का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के बालवाटिका तथा कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शिक्षकों की विशेष गायन प्रस्तुति ने भी वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति ‘माखन चोरी लीला’ रही। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर एवं जीवंत मंचन कर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं कृष्ण प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और कार्यक्रम में रोमांच का रंग भर दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘बधाई उत्सव’ रहा, जिसमें बच्चों और अभिभावकों ने एक साथ श्रीकृष्ण जन्म की खुशी मनाई। बधाई गीत, पुष्पवर्षा और भक्तिमय वातावरण से पूरा विद्यालय परिसर आनंद और उल्लास से सराबोर हो गया। इसके बाद छप्पन भोग का आगमन एवं श्रीकृष्ण आरती ने आयोजन को आध्यात्मिक पूर्णता प्रदान की। अभिभावकों ने कार्यक्रम की जमकर सराहना करते हुए बच्चों की प्रस्तुतियों और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों को शानदार बताया। ‘कृष्ण उत्सव 2026’ भक्ति, संस्कृति, प्रतिभा और अभिभावक सहभागिता का सुंदर संगम बनकर यादगार आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।