बरेली, मीरगंज। थाना मीरगंज पुलिस ने 29 जुलाई को जनसेवा केंद्र संचालक से हुई छिनैती की वारदात का खुलासा करते हुए फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती की रकम में से 18,200 रुपये, तीन मोबाइल फोन तथा पीड़ित का बैग, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की शाम ग्राम रम्पुरा जाटान निवासी जनसेवा केंद्र संचालक निर्देव कुमार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। दूलीराम इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर रुपये से भरा बैग छीन लिया था। इस मामले में थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। 3 सितंबर को उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर नधपुरा-जाम रोड स्थित मढ़ी के पास से श्रीपाल, सोमपाल और अमन को गिरफ्तार किया। तीनों के पास से कुल 18,200 रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपी अमन की निशानदेही पर नदी किनारे फेंका गया पीड़ित का बैग भी बरामद कर लिया गया, जिसमें आधार कार्ड और पैन कार्ड मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी। श्रीपाल और सोमपाल ने जनसेवा केंद्र संचालक की गतिविधियों की जानकारी दी थी, जबकि अमन, रवि और विक्की ने मिलकर बैग छीना। लूट की रकम सभी ने आपस में बांट ली और बैग नदी किनारे फेंक दिया। पुलिस पहले ही रवि और विक्की को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।