बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर हत्या सहित तीन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार रात करीब 10:10 बजे उपनिरीक्षक हरिमुख सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर मंडोरा तिराहे से करीब 50 कदम आगे मंडोरा रोड पर घेराबंदी कर ओमस्वरूप पुत्र बांकेलाल, निवासी ग्राम कुन्डरिया फैजुल्लापुर, थाना अलीगंज, को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ओमस्वरूप का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में थाना मीरगंज में हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2022 में थाना सिरौली में एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2013 में अपहरण का मामला भी दर्ज है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरिमुख सिंह के साथ कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार और कांस्टेबल मोन्टी कुमार शामिल रहे।