विधायी एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक आज करेंगे भगवान परशुराम चौक का अनावरण
बदायूं । शहर के विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं नामकरण के क्रम में अब बदायूं के लाबेला चौक पर भगवान परशुराम जयंती समारोह समिति के तत्वाधान में निर्माणाधीन भगवान परशुराम चौक एवं भगवान परशुराम की भव्य मूर्ति स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिसका अनावरण आज कानून एवं विधि मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार बृजेश पाठक करेंगे।
कानून मंत्री बृजेश पाठक के आगमन पर उनका स्वागत नेहरू आदर्श इंटर कॉलेज अलापुर के प्रबंधक अश्वनी भारद्वाज एवं अलापुर स्थित भटटे पर भाजपा नेता पं0शारदाकान्त के नेतृत्व में किया जाएगा।
ततपश्चात शहर में गौरी शंकर मंदिर पर समिति की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
समिति के महामंत्री अजय मिश्रा ने बताया कि आज दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक एवं विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री नगर विकास श्री महेश चंद्र गुप्ता, सांसद संघमित्रा मौर्या, नगर पालिका अध्यक्षा दीपमाला गोयल, महापौर बरेली उमेश गौतम, प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण महासभा त्रिभुवन शर्मा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में बिल्सी विधायक आरके शर्मा मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहेंगे वही कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक द्वारा की जाएगी।
समिति के सतत प्रयास से हुआ भव्य परशुराम चौक का निर्माण
बताते चलें कि इसके लिए भगवान परशुराम जयंती समारोह समिति बदायूँ काफी समय से प्रयास कर रही थी जिसको दृष्टिगत रखते हुए अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दीपमाला गोयल एवं राज्यमंत्री नगर विकास महेश चंद्र गुप्ता द्वारा गत 15 जनवरी को ब्राह्मण धर्मशाला में एक कार्यक्रम में लाबेला चौक को भगवान परशुराम चौक के रूप में नामकरण एवं सौंदर्य करण करने की स्वीकृति दी गई थी। जिस के क्रम में दिनांक 24 जनवरी को महेश चंद्र गुप्ता एवं दीपमाला गोयल एवं समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रामशंकर भारद्वाज द्वारा भगवान परशुराम चौक का विधिवत शिलान्यास किया गया था। समिति के अध्यक्ष कौशलानन्द उर्फ लालन पांडेय एवं महामन्त्री अजय मिश्रा के कुशल दिशा निर्देशन में समिति एवं समाज के गणमान्य लोगों के सहयोग से शिलान्यास तिथि से ही भगवान परशुराम चौक निर्माण एवं मूर्ति निर्माण का कार्य चल रहा था। अप्रैल माह से हुए लाकडाउन के कारण कार्य को पूर्ण होने में समय लगा।













































































