बरेली। मीरगंज क्षेत्र के हुरहुरी-दियोसास मार्ग पर स्थित आर.एम.एस. एकेडमी समेत अन्य विद्यालयों के आसपास बढ़ते सड़क हादसों के खतरे को देखते हुए आज़ाद अधिकार सेना ने एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्कूलों के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने और आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर तथा वरिष्ठ समाजसेवी लईक अहमद मंसूरी के निर्देश पर जिला अध्यक्ष लादेन मंसूरी ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं पैदल, साइकिल और वाहनों से स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं आवारा मवेशियों और हिंसक कुत्तों के कारण बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है।ज्ञापन में विद्यालयों के पास मानक के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने, वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने तथा आवारा पशुओं और कुत्तों को पकड़कर गौशाला या कांजी हाउस भेजने की मांग की गई। इस दौरान जितेंद्र कुमार गंगवार, सुभाष कुमार और इस्लाम हुसैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसडीएम निधि शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ, ईओ मीरगंज और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र जारी कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।