बरेली। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने फतेहगंज पश्चिमी के चिटौली स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गौशाला की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम और अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर को बधाई दी गई। एएचपी जिलाध्यक्ष अमित कुमार गंगवार के निर्देशन और राष्ट्रीय बजरंग दल जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार के नेतृत्व में टीम ने गौशाला में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, रहने की व्यवस्था और पर्याप्त भूसे का निरीक्षण किया। साथ ही रजिस्टर और अन्य अभिलेख भी व्यवस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान रोहित गंगवार ने गौशाला प्रबंधन को गोवंश के लिए हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने तथा पशु चिकित्सक से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एएचपी जिलाध्यक्ष अमित कुमार गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी विजय मौर्य, जिला मंत्री आदेश गंगवार, नगर अध्यक्ष मुदित प्रताप, नगर महामंत्री गौरव, विजय गंगवार, रामबाबू दिवाकर, नगर पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि शाहिद, हारून चौधरी सहित संगठन के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।