बरेली। खेल जगत फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश में चतुर्थ मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा का शुभारंभ राष्ट्रीय खेल दिवस से कर दिया है। बुधवार को उपजा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में फाउंडेशन के रतन कुमार गुप्ता ने बताया कि यह अभियान 27 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में चलेगा। इसके तहत हॉकी, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती और आर्मरेसलिंग सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि खेल स्पर्धा का उद्देश्य युवाओं को खेलों के साथ स्वास्थ्य, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और राष्ट्रप्रेम से जोड़ना है। ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सौरभ अग्रवाल, रतन गुप्ता मनीष अग्रवाल ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के खेल, युवा कल्याण और पर्यटन विभाग के सहयोग से द्वितीय देवभूमि खेल चेतना यात्रा का गढ़वाल चरण 5 सितंबर से शुरू होगा। यह यात्रा पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार होते हुए 18 सितंबर को देहरादून में संपन्न होगी। प्रेस वार्ता में संरक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और उपजा प्रेस क्लब अध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने और अनुशासन व सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। फाउंडेशन ने भविष्य में खिलाड़ी सम्मान, योग, पर्यावरण संरक्षण और युवा जागरूकता से जुड़े अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाने की घोषणा की।