बरेली। शांति विहार स्थित कैंडिडा पब्लिक स्कूल तक जाने वाला मार्ग जलभराव की चपेट में है। लगातार बारिश के बाद सड़क पर गंदा पानी भर जाने से विद्यार्थियों को रोज उसी पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इससे बच्चों के जूते और स्कूल यूनिफॉर्म खराब हो रहे हैं, वहीं छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। जलभराव से न सिर्फ स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, बल्कि आसपास के लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। उनका सुझाव है कि फिलहाल सड़क पर मिट्टी या अन्य उपयुक्त सामग्री का भराव कर जलभराव से राहत दी जा सकती है, जबकि स्थायी समाधान के लिए सड़क और नाली व्यवस्था में सुधार जरूरी है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम व संबंधित अधिकारियों से स्कूल मार्ग का निरीक्षण कर जल्द से जल्द जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और साफ रास्ता मिल सके।