बरेली । 21 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल होशियार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए की गई पहल के लिए बरेली कॉलेज की छात्रा दिव्यांशी चौधरी को सम्मानित किया। बरेली कॉलेज से बीएससी कर रही मां वैष्णो कुंज कॉलोनी, बरेली निवासी छात्रा दिव्यांशी चौधरी पुत्री गिरजा शंकर दिनांक 31 अगस्त को जब अपने घर से बरेली कॉलेज पढ़ने आ रही थी तब उसने देखा कि गांधी उद्यान में लगा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) का ऊपरी हिस्सा किन्हीं कारणों से क्षतिग्रस्त हो गया है तथा कॉलेज से घर जाते समय भी वह क्षतिग्रस्त ही है। दिव्यांशी के मन में पूरे दिन उथल-पुथल चलती रही, वह यह सोचने लगी कि राष्ट्रीय ध्वज को कैसे ठीक कराया जाए? अगले दिन मंगलवार दिनांक 1 सितंबर को छात्रा बरेली कॉलेज स्थित 21वीं वाहिनी एनसीसी के कार्यालय में आकर कमान अधिकारी कर्नल होशियार सिंह से मिली और उन्हें सारा वाक्या बताते हुए कहा कि सर कैसे भी इसे ठीक करा दीजिए। कमान अधिकारी कर्नल होशियार सिंह ने तत्काल नगर निगम के अधिकारियों से बात कर राष्ट्रीय ध्वज को शीघ्र ठीक कराने को कहा, वहां से आश्वासन मिला कि इसे अतिशीघ्र ठीक करा दिया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए छात्रा दिव्यांशी चौधरी की पहल एवं लगन हेतु कमान अधिकारी ने दिव्यांशी को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया। दिव्यांशी ने कमान अधिकारी के सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए उनका आभार प्रकट किया।