बदायूँ। जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील दातागंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम भुंडी, रहपुरा और कदम नगला का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में हुए कटान और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि क्षेत्र में 500 मीटर से अधिक कटान हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और आवागमन में परेशानी न हो। डीएम ने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा टीमें सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित रूप से पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करें। जरूरत के अनुसार उपचार और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर भी लगातार आयोजित कराए जाएं। जिलाधिकारी ग्राम भुंडी से नाव के माध्यम से कदम नगला और रहपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं एवं उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। क्षेत्र की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।