बदायूं। तहसील दातागंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम सेमरिया देदू खाम में जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को 250 राशन किट वितरित कीं। राशन किट में आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कुछ राहत मिल सके। राशन किट वितरण के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाना प्राथमिकता है। प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन द्वारा जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय से आवश्यक राहत सामग्री पहुंचे। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया है कि बाढ़ की स्थिति में जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।