बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुनौर के पास कैलाश-पनघेली नदी में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 13 वर्षीय शिवांश की डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया थाना हाफिजगंज के गांव निरंदापुर निवासी 13 वर्षीय शिवांशु पुत्र ब्रजनंदन, हाफिजगंज के ही गांव सुनौर निवासी 14 वर्षीय सुभाष पुत्र पूरनलाल और थाना भुता क्षेत्र के गांव मुड़िया जगरूप निवासी 9 वर्षीय रामवीर पुत्र राजकुमार नदी में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े और सुभाष और रामवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया शिवांशु कैलाश-पनघेली नदी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही हाफिजगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद भी शिवांशु नदी से बरामद नहीं हुआ दूसरे टीम लगातार तलाश रही रविवार को शिवांशु का शव नदी में मिला। सुभाष के घर रक्षाबंधन पर मेहमानी में आए हुए थे। रक्षाबंधन के पर्व के दूसरे दिन हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।