बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार और रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इंटरसेप्टर के माध्यम से जिले में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 208 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। इनमें सर्वाधिक 122 वाहन ओवरस्पीड में पकड़े गए। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 19, बिना सीट बेल्ट के 32, रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले पांच तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, खनन में संलिप्त 10 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया। इन वाहनों के खिलाफ कुंवरगांव और बिनावर थानों के साथ ही उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार संबंधित वाहनों से पांच लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराया गया है। इसके अलावा अनधिकृत रूप से संचालित एक बस को भी सीज कर दिया गया। एआरटीओ ने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वाहन को निर्धारित गति सीमा में ही चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।