बदायूं। शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष बदायूं मनोज कुमार पाठक ने कार्यक्रम समिति के सदस्यों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष ब्रिगेडियर डॉ. भुवनेश चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रांतीय कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष कर्नल एल.एन. त्रिवेदी, प्रदेश पर्यवेक्षक कर्नल लाखन सिंह, प्रांत संगठन सचिव कैप्टन सतबीर सिंह, महासचिव सूबेदार राजेश कुमार एवं कोषाध्यक्ष विजयपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिवेशन में ब्रज प्रांत के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों की गतिविधियों का वृत्त निवेदन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गहन चिंतन-मंथन किया गया। समस्याओं के समाधान के लिए पदाधिकारियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। आगामी तीन वर्षों के लिए परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष पद पर ब्रिगेडियर डॉ. भुवनेश चौधरी के नाम पर सहमति बनी। जिला संरक्षक बदायूं कैप्टन विजय रतन सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्याण दास शर्मा ने की। इस अवसर पर बदायूं विभाग के विभाग प्रचारक सुधांशु जी भाई साहब का पाथेय भी प्राप्त हुआ। विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा एडवोकेट ने पूर्व सैनिकों के कर्तव्यनिष्ठ एवं समाज को उचित दिशा देने वाले योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण हरी शर्मा ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वेद रतन शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।