उझानी। नगर में ठगों ने आस्था और आशीर्वाद को ठगी का जरिया बना लिया है। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्टेशन रोड स्थित कपड़े की दुकान में दो शातिर युवकों ने महिला दुकानदार को झांसे में लेकर करीब पांच तोला सोने के दो कड़े ठग लिए। वारदात के बाद आरोपी महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना पड़ोसी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपियों की बाइक का नंबर भी दिखाई दे रहा है। घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पंजाबी कॉलोनी निवासी आशा सपरा पत्नी स्वर्गीय अजय सपरा स्टेशन रोड पर जगदम्बा सूट सेंटर चलाती हैं। उनके मुताबिक दो युवक दुकान पर पहुंचे और छह अंगोछे खरीदे। इसके लिए उन्होंने 600 रुपये दिए। इसके बाद दोनों युवकों ने कहा कि उन्हें माता रानी के मंदिर में 2100 रुपये का दान करना है। महिला को विश्वास में लेते हुए आरोपियों ने कहा कि वह उनसे बड़ी हैं, इसलिए उनके हाथों से दान कराने पर अधिक शुभ होगा। आरोपियों ने 2100 रुपये निकालकर कहा कि इन्हें सोने से स्पर्श कराकर मंदिर में रख दीजिए। दुकान में मंदिर ऊंचाई पर होने के कारण महिला उनकी बातों में आ गईं और हाथों में पहने करीब पांच तोला सोने के दोनों कड़े उतारकर उन्हें दे दिए। आरोपियों ने रुपये और कड़ों को मंदिर में रखने का नाटक किया। महिला के मुताबिक उन्होंने मंदिर में केवल 2100 रुपये रखे और सोने के दोनों कड़े चुपके से गायब कर दिए। इसके बाद दोनों युवकों ने महिला से आशीर्वाद मांगा और पैर छूकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद जब महिला ने मंदिर में देखा तो रुपये रखे थे, लेकिन दोनों सोने के कड़े गायब थे। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने शोर मचाया। आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। पड़ोसी दुकान का सीसीटीवी खंगाला गया तो दोनों आरोपी बाइक से जाते हुए दिखाई दिए। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।