बदायूं में मदर एथीना स्कूल में खेल दिवस की धूम, कबड्डी में कर्मा हाउस ने जीता खिताब
बदायूं। मदर एथीना स्कूल में खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद्र को स्मरण किया। इस अवसर पर कक्षा-6 से कक्षा-8 तक के विद्यार्थियों को हॉकी का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने खेल की बारीकियों को समझा और पूरे उत्साह के साथ अभ्यास किया।
खेल दिवस के अंतर्गत कक्षा-9 से कक्षा-12 तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर्सदनीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के सत्या, शौर्य, कर्मा और विवेका हाउस की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले मुकाबले में सत्या हाउस और शौर्य हाउस आमने-सामने रहे, जिसमें शौर्य हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्या हाउस को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में कर्मा हाउस और विवेका हाउस के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। कर्मा हाउस ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए भारी अंतर से विवेका हाउस को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला कर्मा हाउस और शौर्य हाउस के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। रोमांचक मुकाबले में कर्मा हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय पताका फहराई और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। शौर्य हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान के लिए सत्या हाउस और विवेका हाउस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सत्या हाउस ने बाजी मारते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का रोपण करते हैं। खेल बच्चों को टीम भावना, अनुशासन और सहभागिता में ईमानदारी बरतने की सीख भी देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
















































































