बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र के बंशीनगला इलाके की मांझे वाली बगिया में शनिवार देर रात भाजपा ओबीसी मोर्चा के मढ़ीनाथ मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के भाई के अनुसार सचिन कश्यप शनिवार शाम घर के पास मांझे वाली मठिया के निकट अपने दोस्तों नितिन और सतीश के साथ बैठे थे। इसी दौरान रोहित ठाकुर उर्फ बाबू, अमित, आशीष मौर्य और रोहित की मां वहां पहुंचे। आरोप है कि रोहित ने नितिन को गालियां देते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। सचिन बीच-बचाव करने पहुंचे तो अमित और आशीष ने सचिन कश्यप के हाथ पकड़ लिए। रोहित ठाकुर उर्फ बाबू ने गुप्ती जैसे धारदार हथियार से सचिन के गले और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सचिन को परिवार वाले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि करीब एक माह पहले भी सचिन और रोहित ठाकुर के बीच विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी पुरानी रंजिश मानकर चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों रोहित उर्फ बाबू, अमित और आशीष मौर्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जाएगी । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा।