बरेली । रक्षाबंधन त्योहार पर रोडवेज बसों की व्यवस्था यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सुबह से ही रोडवेज बस अड्डे पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए। कई यात्री सुबह करीब 7 बजे से बस के इंतजार में बैठे हुए हैं, लेकिन उन्हें समय पर बसें नहीं मिल पा रही हैं। बदायूं, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर और बिजनौर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ बस अड्डे पर देखने को मिली। बसों की कमी के चलते महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि बसों के बारे में जानकारी लेने के लिए जब वे काउंटर पर पहुंच रहे हैं तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों के घर जाने के लिए सफर कर रही हैं, ऐसे में बसों की कमी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। यात्रियों का कहना है कि रोडवेज प्रशासन को त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करनी चाहिए थी। वहीं, यात्रियों की शिकायतों और अव्यवस्था को लेकर रोडवेज प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।