बरेली। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता एवं राष्ट्र जागरण युवा संगठन अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शानू काज़मी को पूर्व आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी और भाजपा नेत्री एडवोकेट कीर्ति कश्यप ने लगातार पांचवें वर्ष राखी बांधी। राखी बांधने का कार्यक्रम कीर्ति कश्यप के कांधरपुर स्थित आवास पर आयोजित हुआ। इस मौके पर शानू काज़मी ने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से हर रक्षाबंधन पर अपनी बहन कीर्ति कश्यप से राखी बंधवाने उनके घर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का यह रिश्ता हमेशा सलामत रहे, यही उनकी दुआ है। शानू काज़मी ने कहा कि कीर्ति कश्यप उन्हें सगे भाई जैसा सम्मान और स्नेह देती हैं। उन्होंने बहन के उज्ज्वल भविष्य और बड़े पद पर पहुंचने की भी कामना की। वहीं कीर्ति कश्यप ने शानू काज़मी की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। दोनों ने रक्षाबंधन के पर्व को प्रेम, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।